home page

सोशल मीडिया अकाउंट से परिवार को मिल रही धमकियां, साइबर थाने पहुंचा मामला

 | 
सोशल मीडिया अकाउंट से परिवार को मिल रही धमकियां, साइबर थाने पहुंचा मामला


भागलपुर, 07 जुलाई (हि.स.)।भागलपुर में सोशल मीडिया के जरिए कथित तौर पर प्रताड़ना का एक मामला प्रकाश आया है। जिले के औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना क्षेत्र के रहने वाले अमित सिन्हा ने अपनी पत्नी पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर उन्हें और उनके परिवार को परेशान करने का आरोप लगाया है।

मामले को लेकर उन्होंने साइबर थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित अमित सिन्हा ने बताया कि वर्ष 2022 में उन्होंने सुरभि झा से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद करीब डेढ़ साल तक दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन उसके बाद रिश्तों में खटास आ गई। अमित का आरोप है कि उनकी पत्नी पहले मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगीं और उनकी मां के साथ भी मारपीट की। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके खिलाफ महिला थाने में प्रताड़ना का आवेदन दे दिया गया। अमित ने सबसे गंभीर आरोप सोशल मीडिया को लेकर लगाया है। उनका कहना है कि उनकी पत्नी ने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर उन्हें और उनके परिवार को लगातार परेशान करना शुरू कर दिया है।

इन अकाउंट्स के जरिए कथित तौर पर धमकी दी जा रही है और परिवार की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। इन्हीं आरोपों को लेकर अमित सिन्हा ने साइबर थाने में आवेदन देकर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है। वहीं इस मामले में दूसरे पक्ष का बयान अभी सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर