मथुरा : ओडिशा से सवा करोड़ का गांजा खरीदकर ला रहे तीन तस्कर गिरफ्तार
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स यूनिट व रिफाइनरी पुलिस ने पकड़ा सवा करोड़ का गांजा
मथुरा, 25 अक्टूबर(हि.स.)। थाना रिफाइनरी क्षेत्र में रविवार दोपहर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स आगरा और रिफाइनरी पुलिस की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम ने हाईवे पर चेकिंग के दौरान एक कंटेनर से 250 किलोग्राम गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत एक करोड़ 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने कंटेनर सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद हुई है।
रविवार दोपहर को मुखबिर की सूचना पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स यूनिट और थाना रिफाइनरी पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में 250 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतीश कुमार पुत्र पदम सिंह, नासिर पुत्र वसीर और आशिफ अब्दुल करीम के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के नूंह मेवात जिले के पिनगवां थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर और शहजादपुर गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी सतीश कुमार ने बताया कि 17 अक्टूबर को वह अपने साथियों के साथ खाली कंटेनर लेकर ओडिशा के ब्रह्मपुर गया था। वहां जितेंद्र नामक परिचित से बातचीत के बाद गांजा खरीदा गया और रायपंखा, ओडिशा में कंटेनर में लोड कराया गया। इसके बाद वे गांजा लेकर आ रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों के मुताबिक, गांजे की खेप उत्तर प्रदेश-हरियाणा सीमा के आसपास शमशेर नामक व्यक्ति को सौंपनी थी, जहां इसकी खपत की जानी थी। पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस टीम में थाना रिफाइनरी प्रभारी निरीक्षक अनुराग चौधरी, उ0नि0 विक्रान्त तोमर, उ0नि0 गौरव शर्मा एनएनटीएफ यूनिट आगरा जोन, मु0 आ0 450 आशीष शुक्ला, मु0आ0 रमन यादव, मु0आ0 648 सुधीर कुमार एनएनटीएफ यूनिट, आ0 99 प्रेमकुमार आदि शामिल है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

