200 करोड़ की फर्जी बिल ट्रेडिंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
--करोड़ों की जीएसटी चोरी का हुआ खुलासा
मुरादाबाद, 28 फरवरी (हि.स.)। करीब 200 करोड़ रुपये की फर्जी बिल ट्रेडिंग कर बोगस फर्मों के माध्यम से करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी कर राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाने वाले गिरोह के आगरा निवासी मुख्य आरोपित को एसआईटी (अपराध शाखा मुरादाबाद) ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस लाइंस सभागार में शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस करते हुए पुलिस अधीक्षक यातायात व अपराध सुभाष चंद्र गंगवार और पुलिस क्षेत्राधिकारी अपराध वरूण कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपित के पास से 11 मोबाइल फोन, 12 एटीएम कार्ड, 29 चेकबुक, लैपटॉप, पीसी, फर्जी दस्तावेज, 32 किरायानामा, 9 टैक्स इनवॉइस, 8 सिम कार्ड सहित अन्य सामग्री और 1220 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक यातायात व अपराध सुभाष चंद्र गंगवार ने आगे बताया कि आदित्य प्रताप सिंह, प्रधान सहायक, राज्य कर विभाग रेंज-बी मुरादाबाद की तहरीर पर थाना सिविल लाइन्स थाना में मु0अ0सं0 0834/2025 धारा 318(4)/338/336(3)/340(2), 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि फर्म अल जाज़ा ट्रेडस द्वारा 1.20 करोड़ रुपये से अधिक की जीएसटी चोरी की गई।
पुलिस उप-महानिरीक्षक मुनिराज जी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक अपराध के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी अपराध के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए मुख्य अभियुक्त पुनीत पुत्र बिशम्बर सिंह निवासी आगरा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वर्ष 2019 में दिल्ली में नौकरी के दौरान उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई, जिसने उसकी पत्नी के नाम पर फर्म बनाकर जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराया। बाद में उसने खुद यूजर आईडी और पासवर्ड लेकर फर्म के माध्यम से बिल ट्रेडिंग शुरू कर दी। आरोपित ने कई फर्जी फर्मों के जरिए बिना माल आपूर्ति के केवल पोर्टल पर बिल अपलोड कर इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ लिया और रकम खातों में घुमाकर नकद निकाली।
जांच में सामने आया कि एम/एस आर.के. इंटरनेशनल, एम/एस मैग्ना एंटरप्राइजेज और एम/एस वान्या एंटरप्राइजेज सहित विभिन्न खातों में करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया। आरोपित ने स्वीकार किया कि अब तक लगभग 200 करोड़ रुपये के आसपास की फर्जी बिल ट्रेडिंग की गई है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

