home page

विधायक संजय पाठक से 1.49 करोड़ की साइबर ठगी का मास्टरमाइंड मुंबई से गिरफ्तार, अब तक 10 आरोपी जेल भेजे

 | 
विधायक संजय पाठक से 1.49 करोड़ की साइबर ठगी का मास्टरमाइंड मुंबई से गिरफ्तार, अब तक 10 आरोपी जेल भेजे


कटनी, 13 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक से हुई 1 करोड़ 49 लाख 60 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में कटनी पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। रंगनाथनगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय की टीम ने मामले के कथित मास्टरमाइंड मियम शेट्टी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

रंगनाथनगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय के अनुसार, पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मियम शेट्टी ही साइबर ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए इस्तेमाल की गई फर्जी फर्म का मुख्य सूत्रधार था। पुलिस के मुताबिक, उसने ‘स्काईलूम स्पार्क प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम से फर्जी फर्म का बैंक खाता खुलवाया था। इसी खाते में ठगी की 1 करोड़ 16 लाख रुपये की रकम ट्रांसफर की गई थी।

पहले गिरफ्तार दो आरोपियों से हुआ मास्टरमाइंड का खुलासा

पुलिस ने करीब 17 दिन पहले मुंबई से रिजवान मलिक (26), निवासी संत कबीरनगर, उत्तर प्रदेश और अब्दुल जब्बार उर्फ साहिल (36), निवासी हरिद्वार, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार दोनों स्काईलूम स्पार्क फर्म के कागजी मालिक थे।

दोनों से पूछताछ के दौरान पुलिस को फर्म के असली संचालन और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी मिली। पूछताछ में पता चला कि फर्म का वास्तविक बैंक खाता मियम शेट्टी ने खुलवाया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और मुंबई से उसे गिरफ्तार कर लिया।

दो खातों में पहुंचाई गई थी ठगी की रकम

पुलिस जांच में सामने आया कि साइबर ठगों ने विधायक संजय पाठक से ठगी गई रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराया था। पहली बार इंडसइंड बैंक के ‘बिग ड्रीम सर्विस’ अकाउंट में 33 लाख 60 हजार रुपये भेजे गए।

इसके बाद दूसरी बार बंधन बैंक में ‘मेसर्स स्काईलूम स्पार्क प्राइवेट लिमिटेड’ के खाते में 1 करोड़ 16 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। पुलिस अब इस पूरी रकम के लेन-देन और साइबर ठगी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार

साइबर ठगी के इस बड़े मामले में कटनी पुलिस अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, नरसिंहपुर के करेली से चार आरोपी, ग्वालियर से तीन आरोपी और मुंबई से तीन मुख्य आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। मुंबई से पकड़े गए आरोपियों में रिजवान मलिक, अब्दुल जब्बार उर्फ साहिल और कथित मास्टरमाइंड मियम शेट्टी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और साइबर ठगी की रकम तथा पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी