जबलपुर में खजरी खिरिया बाईपास स्थित टायर गोदाम में भीषण आग, लाखों के टायर जलकर राख
जबलपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में नागपुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर खजरी खिरिया बाईपास स्थित एक टायर रिमोल्डिंग गोदाम में बुधवार दोपहर भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में रखे टायर, ट्यूब और रबर सामग्री ने कुछ ही मिनटों में आग को विकराल रूप दे दिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने वाला काले धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। करीब 10 दमकल वाहनों ने लगातार एक घंटे तक पानी और फोम की बौछार कर आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पाने से आसपास स्थित अन्य गोदामों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक आग फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये के टायर और अन्य सामग्री जलकर नष्ट होने की आशंका है।
दोपहर में बंद था गोदाम, बड़ा हादसा टला
फायर विभाग के अनुसार जिस समय आग लगी, उस समय टायर रिमोल्डिंग यूनिट बंद थी। छुट्टी होने के कारण गोदाम में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। स्थानीय लोगों ने गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठती देख तुरंत गोदाम संचालक और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल दल मौके पर पहुंच गया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
टायरों ने बढ़ाई आग की तीव्रता
गोदाम में बड़ी संख्या में टायर, ट्यूब और रबर से जुड़ी सामग्री रखी थी। ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाना पड़ा। हाईवे से गुजरने वाले वाहन भी कुछ समय के लिए धीमी गति से निकाले गए, जबकि बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
दमकल कर्मियों ने एक घंटे तक किया संघर्ष
फायर अधीक्षक कुशाग्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। लगातार करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया। उन्होंने बताया कि आग टायर रिमोल्डिंग यूनिट में लगी थी। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रथम दृष्टया किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
नुकसान का आकलन जारी
प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक गोदाम में रखा लाखों रुपये का टायर स्टॉक और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई है। दमकल विभाग और पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से लगी। फिलहाल पूरे परिसर को सुरक्षा की दृष्टि से सील कर दिया गया है और विशेषज्ञ टीम से भी जांच कराई जाएगी। घटना के दौरान पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार छा गया, जिससे कुछ समय के लिए आसपास के क्षेत्र में दृश्यता भी प्रभावित हुई। आग पर समय रहते काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

