home page

मथुरा में 12 करोड़ की चोरी का 24 घंटे में खुलासा, पूर्व नौकर निकला मास्टरमाइंड

 | 
मथुरा में 12 करोड़ की चोरी का 24 घंटे में खुलासा, पूर्व नौकर निकला मास्टरमाइंड


-सात किलो सोना और 11 लाख नकद के साथ मास्टर माइंड सहित चार गिरफ्तार

मथुरा, 12 सितम्बर (हि.स.)। जनपद की कोसीकलां पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए थाना कोसीकलां क्षेत्र के प्रसिद्ध जुगल किशोर ज्वेलर्स शोरूम में हुई लगभग 12 करोड़ रुपये की चोरी का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मंगलवार दोपहर गोपालबाग क्षेत्र से घेराबंदी कर मुख्य आरोपितों सहित कुल चार लोगों काे गिरफ्तार किया है। इनमें दो पुरुष और दो महिला शामिल है। आरोपितों की निशानदेही पर 7 किलो 126 ग्राम सोना और 11 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। उत्कृष्ट खुलासे के लिए पुलिस टीम को एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।

पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में अपर पुलिस महानिदेशक एस.के. भगत ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य अभियुक्त विष्णु उर्फ पप्पू सोनी शोरूम का पुराना कर्मचारी था, जिसे चोरी के आरोप में कुछ समय पूर्व नौकरी से निकाल दिया था। दुकान का पुराना कर्मचारी होने के कारण उसे सभी अंदरूनी राज मालूम थे और वही इस घटना का मुख्य सरगना था। चोरी के बाद वह माल अपने घर (रामनगर, कोसी) ले गया, जहां उसके भाई मोहन और परिवार की महिलाओं ने जेवरों की अलग-अलग थैलियां बनाईं। पुलिस की तलाशी से बचने के लिए उन्होंने सारा माल गोपालबाग में छिपा दिया था, जिसे शेरगढ़ रोड स्थित विष्णु की अपनी सर्राफ की दुकान पर बेचने की योजना थी।

बीती 13 सितंबर की रात चोरों ने शोरूम को निशाना बनाकर करीब 12 करोड़ रुपये के जेवर और नकदी चुरा ली थी। घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया था। डीआईजी शैलेश पांडेय और एसएसपी श्लोक कुमार ने मामले की कमान खुद संभाली। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार दोपहर करीब 12ः59 बजे गोपालबाग क्षेत्र से मुख्य आरोपित विष्णु, उसके भाई मोहन सोनी और दो महिला सहयोगियों को दबोच लिया गया। आरोपिताें से पूछताछ जारी है, जिससे अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है। इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। इस दौरान डीआईजी शैलेश पांडेय, एसएसपी श्लोक कुमार और एसपी देहात सुरेश चंद रावत प्रमुख रूप से मौजूद रहे। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ राकेश यादव आगरा, सीओ छाता भूषण वर्मा, थाना प्रभारी कोसीकलां कमलेश सिंह, थाना प्रभारी शेरगढ़ अजय किशोर, थाना जैंत प्रभारी सोनू सिंह आदि शामिल है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार