home page

रायपुर: पत्नी और तीन बच्चों को कीटनाशक देकर मारने के बाद पति ने लगाई थी फांसी, मृत आरोपित के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज

 | 

रायपुर, 25 नवम्बर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। संजय नगर मदनी चौक में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बड़ा खुलासा किया है।

जांच में सामने आया है कि आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहे साजिद अली ने खुद फांसी लगाने से पहले अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों को कीटनाशक (जहर) देकर मौत के घाट उतारा था। एसआईटी की जांच रिपोर्ट के बाद पुलिस ने अब मृत आरोपी साजिद अली के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है।

सट्टे की लत और आर्थिक तंगी बनी वजह

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के निर्देशन में गठित एसआईटी ने जब इस मामले की गहराई से जांच की, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक साजिद अली सट्टा खिलाने का आदी था। कुछ समय पहले सट्टे का काम बंद होने की वजह से वह भारी कर्ज और गंभीर आर्थिक तंगी में डूब गया था। इसी मानसिक तनाव के चलते उसने इतना खौफनाक आत्मघाती कदम उठाया। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपित का अपने किसी भी रिश्तेदार से कोई संपर्क नहीं था।

जुलाई में हुई थी यह हृदयविदारक घटना

यह पूरी घटना 16 जुलाई 2026 की रात से 17 जुलाई 2026 की रात के बीच मदनी चौक, संजय नगर स्थित एक किराए के मकान में हुई थी। घटनास्थल के सूक्ष्म निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर एसआईटी इस निष्कर्ष पर पहुंची कि साजिद अली ने पहले अपनी पत्नी राबिया बेगम, बेटे इरशाद अली, और दो बेटियों साहिना परवीन व हिरशिबा परवीन को कीटनाशक दवा देकर मार डाला और फिर खुद फंदे पर झूल गया।

मृतक साजिद के खिलाफ बीएनएस के तहत मामला दर्ज

चूंकि पत्नी और तीनों बच्चों की मौत पूरी तरह से हत्या की श्रेणी में आती है, इसलिए टिकरापारा थाना पुलिस ने मृत आरोपित साजिद अली के विरुद्ध अपराध क्रमांक 1069/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी और तकनीकी विवेचना कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर