राजमिस्त्री की तालाब में डूबने से मौत
हमीरपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थानाक्षेत्र के पारा गांव में घर जा रहा राजमिस्त्री बड़ी देवी तालाब में गिर गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई। बुधवार को गमछा उतराता देखकर लोगों ने अंदाजा लगाया कि कोई तालाब में डूब गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब शव को बाहर निकाला गया तो राजमिस्त्री के रूप में उसकी शिनाख्त हुई।
पारा निवासी राजमिस्त्री श्रीकिशन (42) कस्बे में काम करने के बाद मंगलवार की शाम गांव वापस जाने को निकला। लोगों ने इसको गांव में रात करीब 10 बजे सड़क पर देखा था। इसके बाद वह घर जाने लगा,तभी वह रास्ते पड़ने वाले बड़ी देवी तालाब में डूब गया। रात में घर न पहुंचने पर परिजन तलाश शुरू की। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई। बुधवार को जब ग्रामीण तालाब के किनारे से निकल रहे थे, तभी एक गमछा तालाब में उतराता हुआ दिखाई दिया, तो अंदाजा लगाया गया कोई डूब गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। तब राजमिस्त्री श्रीकिशन के रूप में इसकी शिनाख्त हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ग्रामीणों में चर्चा है कि नशे की हालत में राजमिस्त्री तालाब में गिर गया और डूब कर मौत हो गई। थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने तालाब से शव को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।मृतक अपने पीछे दिव्यांग पत्नी लीलावती,पुत्री प्रियंका व प्रांशी,पुत्र करन व मनीष को रोता बिलखता छोड़ गया है।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

