पति की डांट से नाराज विवाहिता ने लगाई फांसी
हमीरपुर, 11 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे के वार्ड संख्या 14 इंदिरा नगर में शुक्रवार को नवविवाहिता ने पति की डांट से क्षुब्ध होकर तीसरी मंजिल में बने कमरे में पंखे के हुक से साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके पक्ष में ससुराली जनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मजिस्ट्रेट और फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरा गया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये है।
कस्बे के वार्ड संख्या 14 इंदिरा नगर निवासी राहुल निषाद की शादी कुरारा थाना क्षेत्र के पडुई गांव निवासी संध्या (20) के साथ नवंबर 2025 में हुई थी। पति राहुल निषाद ने बताया कि संध्या उसके यहां काम करने वाले चालक से फोन पर बात कर रही थी। इस पर उसे डांट दिया था। इससे नाराज होकर नहाने के बहाने मकान की तीसरी मंजिल पर बने बाथरूम में गई और वहीं पर कमरे के अंदर छत पर लगे पंखे के हुक के सहारे साड़ी से फंदा लगाकर झूल गई। काफी देर तक नीचे नहीं आने पर मां सदाप्यारी उसे बुलाने जब ऊपर गई तो देखा वह फांसी पर लटक रही थी। परिजनों ने तत्काल उसे उतारकर अस्पताल पहुंचाया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के ससुर फूल सिंह निषाद ने घटना की सूचना पुलिस के साथ मायके पक्ष के लोगों को दी।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके मौके पर मजिस्ट्रेट और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाय। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरा गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतका के पिता कालका प्रसाद निषाद और चाचा प्रेमचंद निषाद ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है चाचा ने हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि ससुरालीजन दहेज में कार की मांग करके आए दिन प्रताड़ित करके मारपीट करते थे। तीन दिन पूर्व भी उसके साथ मारपीट की गई थी। सूचना मिलने पर वह गए थे और समझा बुझाकर लौट आए थे। थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने शुक्रवार को शाम बताया कि मृतका के पिता ने हत्या करने का आरोप लगाया है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच करके कार्यवाही की जाएगी
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

