home page

दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बीच विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति गिरफ्तार

 | 
दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बीच विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति गिरफ्तार


किशनगंज, 11 अगस्त (हि.स.)। जिले में कोचाधामन थाना क्षेत्र के मजगामा पंचायत अंतर्गत पर्यालपुर गांव में 26 वर्षीय विवाहिता महरूमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके पति एहसान को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका के मायके वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतका महरूमा किशनगंज शहर के पुराना खगड़ा वार्ड संख्या 20 की रहने वाली थी। उसके भाई माहिर हुसैन के अनुसार, महरूमा की शादी मार्च 2020 में कोचाधामन थाना क्षेत्र के पर्यालपुर, वार्ड संख्या 15 निवासी एहसान से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।

परिजनों का कहना है कि इसको लेकर चार-पांच बार पंचायत भी हुई थी। एक बार 20 हजार रुपये दिए जाने के बावजूद कथित रूप से प्रताड़ना और दहेज की मांग जारी रही। मृतका के भाई ने पति पर दूसरी महिला से संबंध होने का भी आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर हाल में पंचायत होने की बात कही गई है। महरूमा अपने पीछे तीन छोटी बेटियां छोड़ गई है, जिनकी उम्र करीब दो, तीन और चार वर्ष बताई गई है।

परिजनों ने महरूमा की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका दावा है कि शव पर चोट के निशान थे और गर्दन पर भी गंभीर चोट के संकेत दिखे। मायके वालों ने पति समेत उसकी बहनों की भूमिका की भी जांच की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को कोचाधामन थानाध्यक्ष इजहार आलम ने बताया कि मामले में आरोपी पति को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चलेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह