home page

दहेज के लिए विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या, किशनगंज में सनसनी

 | 
दहेज के लिए विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या, किशनगंज में सनसनी


किशनगंज, 23 अप्रैल (हि.स.)। जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता की कथित रूप से बेरहमी से पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतका की पहचान जीनत जबी के रूप में हुई है, जिनकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व कोचाधामन थाना क्षेत्र के कलकली गांव निवासी दानिश आलम से हुई थी।

परिजनों का आरोप है कि शादी के समय ही ससुराल पक्ष द्वारा भारी दहेज की मांग की गई थी। आरोप है कि दानिश आलम, उनकी मां अनीसा बेगम, भाई रब्बानी, बहन सहनसबी और जीजा मनवर ने मिलकर मोटरसाइकिल के लिए एक लाख रुपये, डेढ़ भर सोना, 26 भर चांदी के जेवर व फर्नीचर सहित लगभग पांच लाख रुपये दहेज के रूप में लिया था।

इसके बावजूद शादी के कुछ ही महीनों बाद से जीनत जबी पर मायके से अतिरिक्त पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जाने लगा। परिजनों के अनुसार मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को भोजन से वंचित रखा जाता था तथा लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

इस संबंध में कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन ससुराल पक्ष के रवैये में कोई सुधार नहीं हुआ। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि 10 अप्रैल 2026 को सभी नामजद आरोपियों ने मिलकर जीनत जबी की डंडा, लाठी व जूतों से बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल अवस्था में उन्हें चूरीपट्टी स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इधर, मृतका की मां सहनाज बेगम के आवेदन पर कोचाधामन थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। परिजनों ने इसे दहेज हत्या बताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह