दहेज के लिए विवाहिता की पिटाई, जबरन पिलाया जहर
हमीरपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे के उपरौस मोहल्ले में ससुराल पक्ष द्वारा पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता के साथ मारपीट करने और जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने का सनसनीखेज मामला सोमवार को सामने आया है। अचेत अवस्था में महिला को सीएचसी मौदहा भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
उपरौस निवासी जेबा खलील पत्नी मोहम्मद सगीर ने बताया कि पति, सास, ससुर, जेठ और देवर ने मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोप है कि सास-ससुर के उकसाने पर पति व देवर ने उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। घटना के दौरान पीड़िता के नाबालिग बेटे ने फोन कर अपने मामा अदनान को सूचना दी। मौके पर पहुंचे भाई ने गंभीर हालत में महिला को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों के प्रयासों से उसकी जान बचाई जा सकी। पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी अक्टूबर 2015 में हुई थी। विवाह के बाद से ही कम दहेज लाने का ताना देकर ससुरालजन उसका लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करते आ रहे थे। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने सोमवार को बताया कि महिला द्वारा दहेज उत्पीड़न और मारपीट के संबंध में तहरीर मिली है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

