शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन का दबाव, आरोपी मां सहित गिरफ्तार
अशोकनगर, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को तत्परता दिखाते हुए एक ऐसे मामले का पर्दाफाश किया है, जिसने सामाजिक ताने-बाने को झकझोर कर रख दिया है। महज दो घंटे के भीतर न केवल लापता युवती को सकुशल बरामद किया गया, बल्कि घृणित कृत्य को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी और उसकी मददगार मा को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है।
महज 2 घंटे में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी:
मामले की शुरुआत 5 मई 2026 को हुई, जब एक भाई ने अपनी 18 वर्षीय बहन के अचानक लापता होने की सूचना कोतवाली थाने में दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने तत्काल निरीक्षक रविप्रताप सिंह चौहान को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र की मदद से पुलिस टीम ने पलक झपकते ही युवती को खोज निकाला।
3 साल का शोषण और धर्म परिवर्तन का दबाव:
पीड़िता ने महिला पुलिस अधिकारी के सामने जो बयान दर्ज कराए, वे चौंकाने वाले थे। पीड़िता के अनुसार आरोपित आसिफ खान (निवासी आजाद मोहल्ला) पिछले 3 वर्षों से शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। आरोपी द्वारा लगातार उस पर धर्म परिवर्तन करने का मानसिक और शारीरिक दबाव बनाया जा रहा था। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इस पूरे अपराध में आरोपी की माँ भी पूरी तरह शामिल थी और अपने बेटे का सहयोग कर रही थी।
कठोर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 87, पॉक्सो एक्ट की धारा 5L/6 और म.प्र. धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3/5 के तहत गंभीर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया है।
हिन्दुस्थान समाचार/देवेन्द्र ताम्रकार
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

