जांजगीर-चांपा में शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5.65 लाख की धोखाधड़ी में 4 महिलाओं समेत 5 गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 11 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में साइबर पुलिस ने शादी कराने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के सदस्य मोबाइल पर शादी के विज्ञापन देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे और फिर अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे मोटी रकम ऐंठ लेते थे। पुलिस ने इस मामले में राजनांदगांव से चार महिलाओं और एक पुरुष समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।आरोपितों ने नवागढ़ निवासी 53 वर्षीय व्यक्ति से शादी का झांसा देकर 5 लाख 65 हजार 355 रुपये की ठगी की थी।
पुलिस के अनुसार, नवागढ़ निवासी रेशम लाल साहू (53 वर्ष) अपने लिए शादी का रिश्ता तलाश रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर शादी से संबंधित एक विज्ञापन आया। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर उन्हें महासमुंद की रहने वाली पदमा नामक युवती से शादी कराने का भरोसा दिलाया गया। बताया गया कि पदमा सरकारी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत है।
रिश्ता तय कराने के नाम पर शुरुआती भुगतान लेने के बाद रेशम लाल को कथित युवती का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप चैटिंग और मोबाइल कॉल के माध्यम से बातचीत शुरू हुई। बातचीत के दौरान पदमा ने अपनी मीठी-मीठी बातों से रेशम लाल का विश्वास जीत लिया और फिर अलग-अलग बहाने बनाकर रुपये मांगने लगी।
पुलिस के मुताबिक, कथित युवती ने कभी अपनी मां के इलाज, कभी खुद की बीमारी, कभी सड़क दुर्घटना तो कभी मां की मृत्यु का बहाना बनाकर पैसे मांगे। शादी की उम्मीद में रेशम लाल ने अपनी जमीन बेचकर मिले रुपये और अन्य लोगों से उधार लेकर कुल 5 लाख 65 हजार 355 रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।
जब रेशम लाल ने युवती से व्यक्तिगत रूप से मिलने की इच्छा जताई तो वह लगातार बहाने बनाने लगी। संदेह होने पर रेशम लाल महासमुंद के सरकारी अस्पताल पहुंचे और पदमा नाम की नर्स के संबंध में जानकारी जुटाई, लेकिन वहां इस नाम की कोई युवती नहीं मिली। आसपास पूछताछ करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना जांजगीर-चांपा में अपराध क्रमांक 10/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने साइबर क्राइम पोर्टल की सहायता से बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और लेनदेन की जानकारी खंगाली। तकनीकी जांच में आरोपितों का संबंध राजनांदगांव जिले से सामने आया।
पुलिस टीम ने राजनांदगांव पहुंचकर जांच की तो पता चला कि भूमिका रंगारी नामक महिला ही पदमा बनकर रेशम लाल से बातचीत कर रही थी। पुलिस के अनुसार, भूमिका ने अपने बैंक खाते में लगभग ढाई लाख रुपये प्राप्त किए थे, जबकि शेष रकम उसके सहयोगियों के खातों में ट्रांसफर की गई थी।
पुलिस पूछताछ में भूमिका रंगारी ने कथित तौर पर बताया कि वह वर्ष 2025 में लव लाइक रिश्ते मैरिज ब्यूरो में काम करती थी। नौकरी छोड़ने के बाद बेरोजगार होने पर उसने स्वयं एक फर्जी संस्था का संचालन शुरू कर दिया। इसके माध्यम से मोबाइल पर शादी के विज्ञापन देकर लोगों को रिश्ते का झांसा देकर ठगी की जाती थी।
इस काम में रोहित कुमार गुप्ता, नसीम बानो, तय्यबा बानो और शायना बानो भी सहयोग करते थे। पुलिस के अनुसार, इन आरोपितों ने कमीशन के लालच में ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए थे।
पुलिस ने मामले में भूमिका रंगारी निवासी राजनांदगांव, रोहित कुमार गुप्ता निवासी बसंतपुर राजनांदगांव, नसीम बानो निवासी चिखली राजनांदगांव, तय्यबा बानो निवासी राजनांदगांव और शायना बानो निवासी चिखली राजनांदगांव को गिरफ्तार किया है। सभी पांच आरोपितों को 11 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि भूमिका रंगारी के खिलाफ साइबर क्राइम पोर्टल पर शादी के नाम पर रुपये लेने से संबंधित अन्य शिकायतें भी दर्ज हैं। इसकी जानकारी संबंधित थानों को दी गई है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल पर आने वाले शादी या सामान खरीदने-बेचने से संबंधित विज्ञापनों पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें। शादी के लिए रिश्ता तलाशते समय संबंधित व्यक्ति और संस्था की पूरी जानकारी जुटाएं तथा किसी अनजान व्यक्ति के खाते में रुपये ट्रांसफर करने से बचें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक लक्ष्मी साहू, सहायक उप निरीक्षक विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा, आरक्षक गिरीश कश्यप, पद्मराज सिंह और दिव्या सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

