home page

यमुनानगर: चाचा-भतीजे पर धारदार हथियार से हमला कर आरोपी फरार

 | 

यमुनानगर, 02 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के बुडिया थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब बाजार की ओर जा रहे चाचा-भतीजे पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से वार कर दोनों को घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी सहित अन्य युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में तरसेम ने बताया कि रविवार देर शाम वह अपने परिचितों अभिषेक, मनी और अमन के साथ एक रेहड़ी के पास नाश्ता कर रहा था। इसके बाद सभी लोग बड़े मदरसे की दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान उसका चाचा महेंद्र ई-रिक्शा लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि तभी बाजार की ओर से आए 5-6 युवकों ने उन्हें घेर लिया। शिकायत के अनुसार एक युवक ने अचानक महेंद्र पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जबकि बीच-बचाव करने पर तरसेम को भी कंधे पर चोट लगी।

अन्य युवकों ने भी मारपीट की। घटना के बाद सभी आरोपी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। बताया गया है कि हमले में इस्तेमाल किया गया कटर घटनास्थल पर ही गिर गया, जिसे बाद में पुलिस को सौंप दिया गया। घायलों को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका मेडिकल परीक्षण किया। मेडिकल रिपोर्ट में दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से चोट लगने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए हैं। जांच अधिकारी के अनुसार नामजद आरोपी तथा उसके साथियों की तलाश में टीमों को सक्रिय किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार