रायपुर में 33 किलो से अधिक गांजा जब्त, महिला सहित चार आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 16 अक्टूबर (हि. स.)। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने गांजा तस्करी और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आज शुक्रवार को तीन अलग-अलग मामलों में एक महिला सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों के कब्जे से कुल 33.428 किलोग्राम गांजा और बिक्री की 35 हजार रुपये नकद राशि जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 17.06 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 15 और 16 अक्टूबर को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा आमानाका, मुजगहन और डी.डी.नगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
पहले मामले में टाटीबंध स्थित इस्कॉन मंदिर मोड़ के पास गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे महाराष्ट्र निवासी कृष्णा पाटिल (21) और करिश्मा (28) को पकड़ा गया। उनके पास से 27.420 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 13.71 लाख रुपये है।
दूसरे मामले में मुजगहन थाना क्षेत्र के ग्राम भटगांव ओवरब्रिज के नीचे से उत्तर प्रदेश निवासी सतीश पटेल उर्फ सितेश (26) को गिरफ्तार किया गया। उसके बैग से 5.230 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 2.61 लाख रुपये बताई गई है।
तीसरे मामले में डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा स्थित महादेवा तालाब घाट के पास से मोहम्मद तौफीक (41) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 778 ग्राम गांजा और बिक्री के 35 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपितों से गांजे की सप्लाई, परिवहन और बिक्री नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भी पतासाजी कर रही है।
रायपुर पुलिस के मुताबिक, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के 91 मामलों में 201 आरोपितों को गिरफ्तार कर करीब 6.52 करोड़ रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

