home page

शादी के नाम पर ठगी करने वाले महिला सहित नौ गिरफ्तार, गिरोह का भंडाफोड़

 | 

बक्सर, 09 अप्रैल (हि.स.)।

जिले में शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में महिला समेत कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 40 हजार रुपये नकद और आभूषण भी बरामद किए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से काम करता था। इसमें शामिल नकली दुल्हन पहले से शादीशुदा है और उसकी एक 13 वर्षीय बेटी भी है। गिरोह के सदस्य दुल्हन के परिवार और रिश्तेदार बनकर पीड़ितों को झांसे में लेते थे। गिरफ्तार आरोपियों में नकली दुल्हन के साथ उसकी कथित मां, भाई-बहन और अन्य रिश्तेदार शामिल हैं। सभी अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं और मिलकर इस ठगी को अंजाम देते थे।

पीड़िता रमा देवी के अनुसार, फरीदाबाद में एक महिला ने रिश्ते का झांसा देकर संपर्क कराया। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य फोन पर जुड़े और कोर्ट मैरिज व पारंपरिक शादी का भरोसा दिलाया। सात अप्रैल को पीड़ित परिवार बक्सर पहुंचा, जहां उन्हें एक लॉज में ठहराया गया। दुल्हन से मुलाकात कराई गई और अगले दिन कोर्ट में शादी की औपचारिकता पूरी कर ली गई।

चौसा के महादेवा घाट पर शादी की रस्मों के दौरान दुल्हन पक्ष ने मंगलसूत्र, पायल और अन्य खर्चों के नाम पर पैसे और गहने ले लिए। इसके बाद तय 40 हजार रुपये भी ले लिए गए। जब परिवार दुल्हन को लेकर लौट रहा था, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने दुल्हन को जबरन उतारकर बाइक से फरार कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा