प्रयागराज हत्याकांड: करैली में दो आरोपित गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
प्रयागराज, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में करेली थाना क्षेत्र में 8 अप्रैल की शाम हुई चर्चित हत्याकांड में पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी एवं करैली और सर्विलांस टीम की संयुक्त पुलिस टीम ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में करेली थाना क्षेत्र के ऐनुद्दीनपुर निवासी अनीस के घर में किराए पर रहने वाले मोहम्मद हुसैन उर्फ प्लम्बर और करेली के जफीर की पुलिया गली निवासी मंजर का किराएदार मोहम्मद वसीम उर्फ कबूतर हैं। दोनों को करैली थाना क्षेत्र के रेलवे डॉट पुल बक्शी मोढ़ा से पकड़ा गया। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
उल्लेखनीय है कि, 8 अप्रैल 2026 को मोहम्मद आमिर ने सूचना दी थी कि उनके पिता मोहम्मद इरफान (55) को चाय की दुकान पर बैठे समय गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में करैली थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि मुख्य आराेपित आसिफ दुर्रानी और उसके भाई राशिद दुर्रानी से उनकी नजदीकी थी। मृतक इरफान से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि आसिफ दुर्रानी के कहने पर मोहम्मद हुसैन ने मुखबिरी की और इरफान की लोकेशन दी। इसके बाद सभी आरोपितों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात में आसिफ दुर्रानी, राशिद दुर्रानी, दिलशाद उर्फ साफान समेत अन्य आरोपित भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
डीसीपी का बयान
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि हत्या के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करते हुए सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार सक्रिय हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

