प्रयागराज : हत्याकांड में वांछित एक और आरोपित गिरफ्तार
प्रयागराज, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित करैली एवं एसओजी नगर की संयुक्त पुलिस टीम ने शनिवार को मो. इरफान की हत्या मामले में फरार एक और आरोपित को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित करेली थाना क्षेत्र के ऐनुद्दीनपुर निवासी मो. अरशद पुत्र मो. मसले है। इसके खिलाफ करैली थाने में पंजीकृत मुकदमा धारा 103(1)/61(2)(a) बीएनएस की जांच के दौरान इसका नाम प्रकाश में आया है। गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई।
उल्लेखनीय है कि 8 अप्रैल 2026 को थाना करैली क्षेत्र में मो. इरफान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस प्रकरण में दो अभियुक्तों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि तीसरे अभियुक्त की तलाश जारी थी, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है।
आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त मो. अरशद के विरुद्ध पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2020 व 2022 के मारपीट, धमकी एवं अन्य धाराओं के मुकदमे शामिल हैं।
पुलिस उपायुक्त का बयान
इस संबंध में मनीष कुमार शांडिल्य, पुलिस उपायुक्त नगर ने बताया कि “हत्या जैसे गंभीर प्रकरण में संलिप्त अभियुक्त की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता थी। संयुक्त टीमों के समन्वित प्रयास से अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।”
पुलिस टीम की भूमिका
इस सफलता में थाना करैली पुलिस, एसओजी नगर टीम तथा सर्विलांस सेल नगर की संयुक्त टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

