home page

वासिंग पाउडर की आड़ में बना रहे थे अवैध गुटखा, 12 हिरासत में, गोदाम सील

 | 
वासिंग पाउडर की आड़ में बना रहे थे अवैध गुटखा, 12 हिरासत में, गोदाम सील


10 बोरियों में 60 किलो अवैध गुटखा और पैकिंग मशीने जब्त

दुर्ग, 11 जून (हि.स.)। जिले के अंडा थानांतर्गत ग्राम कुथरेल और अंडा में दो स्थानों पर पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गुरुवार को छापेमार कार्रवाई कर अवैध गुटखा बनाकर बेचने वालों को पकड़ा गया है। आरोपित वासिंग पाउडर की आड़ में गुटखा बनाने का काम कर रहे थे। पुलिस ने लगभग 10 बोरियों में 60 किलो अवैध गुटखा और पैकिंग मशीने जब्त की है।

इस मामले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सूचना मिली थी कि आरोपित वाशिंग पाउडर बनाने की आड़ में सितार गुटखे का नकली गुटखा तैयार कर मार्केट में खपा रहे हैं। जैसे ही टीम ने ग्राम अंडा और कुथरेल के दो ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की, तब उन्होंने देखा कि आरोपित वाशिंग पाउडर बनाने की आड़ में नकली जर्दायुक्त गुटखा तैयार कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार आरोपित पूर्व में छत्तीसगढ़ में अवैध गुटखा कारोबार के मुख्य सरगना गुरूमुख जुमनानी के गुटखा फैक्ट्री में काम कर चुके हैं। इस कार्रवाई के दौरान मौके से 10 बोरियों में 60 किलो गुटखा, तीन पैकिंग मशीनें और नकली गुटखा बनाने की सामग्री जब्त की गई।

पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने गोदामों को सील कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 12 लोगों को हिरासत में लिया है। खाद्य विभाग ने जब्त किए गए गुटखे को सैंपलिंग के लिए भेज दिया है। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद इसमें कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल