चीनी मांझे के साथ तीन गिरफ्तार
नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। प्रतिबंधित चीनी और मेटैलिक-कोटेड मांझे की बिक्री और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मध्य जिला पुलिस ने तीन दुकानदारों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग इलाकों में हुई छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 120 रील प्रतिबंधित मांझे की जब्त की हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपिताें से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
मध्य जिला के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बुधवार को बताया कि 11 अगस्त को एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वायड (एएटीएस) टीम को लाल दरवाजा, पुरानी दिल्ली, हौजकाजी इलाके में गश्त के दौरान अवैध चीनी मांझे की बेचने की खबर मिली। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने सिरकी वालान, हौजकाजी में छापा मारा और 27 वर्षीय मोहम्मद अनस को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके घर से 110 रील प्रतिबंधित चीनी मांझा बरामद हुआ। दूसरी कार्रवाई पहाड़गंज के गली डोर वाली स्थित दुकान नंबर 788 पर हुई, जहां प्रतिबंधित मेटैलिक-कोटेड मांझे की बिक्री की सूचना मिली थी। पुलिस ने यहां छापा मारकर हरिराम गली निवासी दीपक को पकड़ा। उसकी दुकान से 8 रील प्रतिबंधित मांझा जब्त किया गया। तीसरी कार्रवाई दरियागंज इलाके में की गई, जहां पुलिस ने दरियागंज निवासी अमीर आजम को पकड़ा। उसके कब्जे से चीनी मांझे के 2 रोल बरामद हुए। पूछताछ के दौरान, गिरफ्तार किए गए आरोपितों से मांझे की खरीद, भंडारण और बिक्री के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस प्रतिबंधित मांझे के सप्लायर और पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

