home page

झांसी में स्पा सेंटर में काम करने वाली मणिपुरी युवती की संदिग्ध मौत, बिना सूचना दफनाने की कोशिश के बीच पहुंची पुलिस ने शुरु की जांच

 | 
झांसी में स्पा सेंटर में काम करने वाली मणिपुरी युवती की संदिग्ध मौत, बिना सूचना दफनाने की कोशिश के बीच पहुंची पुलिस ने शुरु की जांच


झांसी में स्पा सेंटर में काम करने वाली मणिपुरी युवती की संदिग्ध मौत, बिना सूचना दफनाने की कोशिश के बीच पहुंची पुलिस ने शुरु की जांच


दिल्ली से झांसी पहुंचे मृतका के पति ने लगाए गंभीर आरोप

झांसी, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में नवाबाद थाना क्षेत्र के बीआईसी कॉलेज के पास एक मणिपुरी युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद बिना पुलिस को सूचना दिए गुरुवार काे शव को दफनाने की कोशिश से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं दिल्ली से अपने मित्र के साथ झांसी पहुंचे मृतका के पति ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान टेरेसा उर्फ सिम्मी के रूप में हुई है, जो सीपरी बाजार के नंदनपुरा स्थित एक स्पा सेंटर में कार्यरत थी। वह नवाबाद क्षेत्र में अपनी सहकर्मी जोया के घर पेइंग गेस्ट के रूप में रह रही थी। बताया गया कि दोनों की पहचान करीब 3-4 माह पूर्व हुई थी और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते जोया ने उसे अपने घर में रहने की अनुमति दी थी। जोया के अनुसार, कुछ दिनों से सिम्मी की तबीयत खराब चल रही थी। उसने दिल्ली में उसके पति को इसकी सूचना दी, लेकिन आर्थिक कारणों से वह झांसी नहीं आ सका। जोया का कहना है कि उसने सिम्मी का इलाज कराया और जिला अस्पताल भी ले गई, जहां हालत गंभीर बताकर मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी गई। इसी बीच बुधवार शाम को सिम्मी की मौत हो गई।

दस्तावेजों के अभाव में शव को दफनाने से किया मना

चौंकाने वाली बात यह रही कि मौत के बाद न तो पुलिस को सूचना दी गई और न ही किसी चिकित्सक से मृत्यु की पुष्टि कराई गई। इसके बजाय शव को दफनाने के लिए कब्रिस्तान ले जाया गया। पहले कानपुर चुंगी स्थित कब्रिस्तान और बाद में जीवनशाह कब्रिस्तान ले जाया गया, लेकिन दस्तावेजों के अभाव और मृतका के ईसाई होने की जानकारी मिलने पर कब्रिस्तान प्रबंधन ने दफनाने से इंकार कर दिया।

इधर, मृतका के पति जॉनसन अपने मित्र अमन सिंह के साथ दिल्ली से झांसी पहुंचे। अमन ने आरोप लगाया कि बिना पति की अनुमति के शव को दफनाने की कोशिश की गई और मामले की सूचना भी पुलिस को नहीं दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मृतका का मोबाइल फोन जोया के पास है, जिससे महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। फिलहाल सूचना पर पहुंची नवाबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जोया के भाई संग लिव इन में थी मृतका

वहीं, जोया के भाई ने बताया कि वह सिम्मी के साथ पिछले कुछ समय से लिव-इन में रह रहा था और उसे उसकी शादी की जानकारी नहीं थी। उसने यह भी दावा किया कि सिम्मी टीबी से पीड़ित थी और शराब का सेवन करती थी।

थाना प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। इसके इतर रहस्यमयी मौत और शव को गुपचुप दफनाने के प्रयास को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया