home page

साकेत में मणिपुर की युवती से बदसलूकी, चार नाबालिग पकड़े गए

 | 
साकेत में मणिपुर की युवती से बदसलूकी, चार नाबालिग पकड़े गए


नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के साकेत इलाके में मणिपुर की एक युवती के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार नाबालिगों को पकड़ लिया है। घटना के बाद पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार रविवार शाम साकेत डिस्ट्रिक्ट कोर्ट कॉम्प्लेक्स स्थित एक पार्क में मणिपुर की युवती अपनी दोस्त के साथ टहल रही थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। जब युवती ने इस पर विरोध जताया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने युवती के साथ मारपीट कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवती को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत स्थिर है।

इस मामले में पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। चार नाबालिगों को पकड़ लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं घटना को लेकर मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने भी चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि मुख्यभूमि भारत में उत्तर-पूर्व के लोगों पर होने वाले हमले चिंताजनक हैं और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। जिसके जवाब में दिल्ली पुलिस का कहना है कि पीड़िता से लगातार संपर्क बनाए रखा गया है और उसे हर संभव मदद दी जा रही है। आरोपिताें की भूमिका की जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले 20 फरवरी को दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में भी अरुणाचल प्रदेश की तीन युवतियों के साथ नस्लीय टिप्पणी का मामला सामने आया था। उस मामले में पुलिस ने आरोपित हर्ष सिंह और उनकी पत्नी रूबी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी