पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, एक की चाकू मारकर हत्या, एक घायल, तीन आरोपित पकड़े
नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। बाहरी जिले के मंगोलपुरी के राज पार्क थाना क्षेत्र में सोमवार रात पुरानी दुश्मनी ने खूनी रूप ले लिया। दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुए विवाद में 45 वर्षीय महेश की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। जबकि 35 वर्षीय मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में तीन मुख्य आरोपितों को पकड़ लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात करीब 9:37 बजे पीसीआर पर सूचना मिली कि मंगोलपुरी के क्यू-9 ब्लॉक में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि परिजन घायल महेश और मुकेश को पहले ही संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जा चुके हैं। अस्पताल में डॉक्टरों ने महेश को मृत घोषित कर दिया। जांच में उसके शरीर पर पीठ में चाकू का गहरा घाव मिला। वहीं मुकेश की बाईं जांघ में चाकू लगा है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया कि क्यू-9/149 और क्यू-9/150 में रहने वाले दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। पिछले एक वर्ष में दोनों पक्षों की ओर से दो-दो, यानी कुल चार आपराधिक मामले भी दर्ज हो चुके हैं। पुलिस का मानना है कि इसी पुरानी दुश्मनी के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
राज पार्क थाना पुलिस ने हत्या समेत संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस ने तीन मुख्य आरोपित प्रिंस उर्फ अरुण, भरत और एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही बाकी आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

