home page

राजगढ़ः मंदसौर नारकोटिक्स की दबिश से ब्यावरा में हड़कंप

 | 
राजगढ़ः मंदसौर नारकोटिक्स की दबिश से ब्यावरा में हड़कंप


राजगढ़, 23 जून(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्थित निदान अस्पताल में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मंदसौर नारकोटिक्स विभाग की सात सदस्यीय टीम अचानक जांच के लिए पहुंच गई।

टीम ने अस्पताल में प्रतिबंधित और नशीली दवाओं की खरीद-फरोख्त से जुड़े बिंदुओं पर बारीकी से पड़ताल की। यह कार्रवाई मंदसौर में पकड़े गए एक आरोपी के कबूलनामे के बाद की गई, जिसने पूछताछ में ब्यावरा के निदान अस्पताल के पास से नशे की गोलियां खरीदने की बात कही थी।

जानकारी के अनुसार नारकोटिक्स विभाग के दो वाहनों से पहुंची टीम ने कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा। टीम के अस्पताल पहुंचते ही ब्यावरा शहर थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान और देहात थाना प्रभारी प्रवीण जाट भी मौके पर पहुंच गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से न केवल निदान अस्पताल, बल्कि आसपास के निजी अस्पतालों में भी हलचल मच गई। जांच के दौरान टीम अलग-अलग हिस्सों में बंट गई और अस्पताल के कमरा नंबर 8, डायरेक्टर रूम तथा मेडिकल स्टोर की गहन जांच की। अधिकारियों ने दवाओं के स्टॉक, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और दस्तावेजों की पड़ताल की। साथ ही अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं यहां से प्रतिबंधित या नशीली दवाओं का अवैध कारोबार तो नहीं चल रहा।

नारकोटिक्स अधीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि मंदसौर में पकड़े गए आरोपित की निशानदेही पर टीम सबूत जुटाने ब्यावरा पहुंची थी। फिलहाल अस्पताल से कोई दवा या रिकॉर्ड जब्त नहीं किया गया है। मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक