home page

मंडोली जेल में संदिग्ध हालात में कैदी की मौत, मजिस्ट्रेटी जांच शुरू

 | 

नई दिल्ली, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार स्थित मंडोली जेल से लाए गए एक विचाराधीन कैदी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आजाद (35) के रूप में हुई है, जो किसी मामले में विचाराधीन बंदी (यूटीपी) के तौर पर जेल में बंद था। पुलिस के अनुसार, रविवार को थाना हर्ष विहार को गुरु तेग बहादुर अस्पताल से सूचना मिली कि मंडोली जेल से अचेत अवस्था में लाए गए कैदी आजाद को डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, बंदी को अचानक तबीयत बिगड़ने पर जेल प्रशासन द्वारा अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम जांच के लिए अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है। मामले में दंड प्रक्रिया के तहत धारा 196 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए मजिस्ट्रेटी जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी