वाहनों में तोडफ़ोड़ करने के तीन आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर, 21 नवम्बर (हि.स.)। मंडोर थाना पुलिस ने दो कारों में सवार होकर आए बदमाशों द्वारा दो वाहनों में तोडफ़ोड़ करने और युवक को जान से मारने की धमकी देने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त वाहन और लोहे के सरिए भी जब्त किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार नयापुरा मंडोर निवासी नरपत सिंह गहलोत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 नवंबर की रात दो कारों में सात-आठ युवक उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने उनकी पत्नी के नाम से पंजीकृत स्कॉर्पियो-एन को पीछे से टक्कर मारी और उनके पुत्र हर्षांग को आवाज देकर बाहर बुलाने लगे। इसके बाद लोहे की सरियों और तलवारों से स्कॉर्पियो के शीशे, दरवाजे, बोनट और हेडलाइट तोड़ दिए।
आरोपियों ने पास में खड़ी उनकी दूसरी कार फॉच्र्यूनर में भी जमकर तोडफ़ोड़ की। आवाज सुनकर परिवादी और उनका पुत्र सौरभ बाहर आए तो आरोपियों ने हर्षांग को घर से बाहर निकालने की धमकी देते हुए उसे जान से मारने की बात कही। विरोध करने पर आरोपी दोनों कारों में बैठकर फरार हो गए। जाते समय भी उन्होंने हर्षांग को कहीं मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। परिवादी के अनुसार दोनों वाहनों में तोडफ़ोड़ से करीब 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े आरोपी
पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया एवं पुलिस उपायुक्त पूर्व मनीष चौधरी के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नरेंद्र सिंह देवड़ा और सहायक पुलिस आयुक्त मंडोर अनिल शर्मा के सुपरविजन में मंडोर थानाधिकारी सुरेश सारण के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर हाजी उमराव खा पेट्रोल पंप के पीछे बोम्बे मोटर्स पुलिस थाना प्रताप नगर सदर निवासी नवीन वैष्णव पुत्र राजेश वैष्णव, संजय बी कॉलोनी प्रतापनगर सदर थाना निवासी आदित्य बारासा पुत्र राजेश और के 86 पुलिस चौकी के पीछे प्रतापनगर निवासी भावेश उर्फ अक्षय शर्मा पुत्र सुरेन्द्र शर्मा को दस्तयाब किया। पुलिस ने तीनों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त वाहन और लोहे के सरिए जब्त किए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

