हिमाचल प्रदेश से दिल्ली आभूषण खरीदने आए व्यक्ति के बैग से उड़ाए रुपये, दाे गिरफ्तार
नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश से आभूषण खरीदने आए शिकायतकर्ता से पांच लाख रुपये चोरी करने वाले आटो रिक्शा चालक समेत दो आरोपितों को मंदिर मार्ग थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की गई रकम के तीन लाख रुपये और अपराध में इस्तेमाल किया गया आटो रिक्शा भी बरामद कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान खिचड़ीपुर के आटो चालक लक्ष्मण यादव उर्फ संतोष और त्रिलोकपुरी के प्यारे मिया के रूप में हुई है। पुलिस इनसे पूछताछ कर गिरोह में शामिल एक महिला समेत अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।
नई दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बुधवार को बताया कि नौ मई को शिकायतकर्ता त्रिलोक चंद ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि वह गहने खरीदने के लिए पांच लाख रुपये नकद लेकर दिल्ली आए थे। सात मई को की दोपहर लगभग 2:30 बजे निर्माण विहार बस स्टैंड के पास इंतजार करते समय वह एक शेयरिंग आटो रिक्शा में बैठे, जिसमें पहले से महिला समेत तीन अज्ञात लोग बैठे थे। रास्ते में आटो चालक ने उन्हें अपना बैग सीट के पीछे रखने को कहा। आटो से उतरने के बाद, उन्होंने अपना बैग चेक किया तो पांच लाख नकद गायब थे।
पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आटो की नंबर प्लेट को जानबूझकर फूलों की माला से छिपा दिया गया था। पुलिस ने संभावित रास्तों की फुटेज खंगाल वाहन के नंबर प्लेट की पहचान कर ली। इसके आधार पर सबसे पहले 17 मई को चालक लक्ष्मण को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 30 हजार रुपये बरामद किए। उसकी निशानदही पर सह आरोपित जाकिर को त्रिलोकपुरी से गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से 2.70 लाख बरामद हुए। जांच में पता चला कि दोनों आरोपित पहले भी दिल्ली और आस-पास के राज्यों में चोरी, लूटपाट, चोरी का माल रखने और आर्म्स एक्ट के उल्लंघन के कई मामलों में शामिल रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

