home page

मंदिर मार्ग में बुजुर्ग की हत्या, घर के कमरे में मिला खून से लथपथ शव

 | 

नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। नई दिल्ली जिले के मंदिर मार्ग इलाके में रविवार शाम एक बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 63 वर्षीय माधो राम के रूप में हुई, जो भारतीय रिजर्व बैंक से एमटीएस पद से सेवानिवृत्त थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल को शाम करीब 5:36 बजे मंदिर मार्ग थाने में पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि अंध विद्यालय के पास एक व्यक्ति को चाकू मार दिया गया है। कॉल करने वाले ने बताया कि घायल उनका चाचा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि माधो राम अपने घर की पहली मंजिल के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। उन्हें तुरंत लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक अपने परिवार के साथ इलाके में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को पकड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी