home page

साइबर अपराधियों को म्यूल खाता उपलब्ध कराने वाला गिरफ्तार

 | 
साइबर अपराधियों को म्यूल खाता उपलब्ध कराने वाला गिरफ्तार


नोएडा, 16 अक्टूबर (हि.स.)। नोएडा के साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोप में 22 वर्षीय एक युवक को आज शाम को गिरफ्तार किया है। आरोपी रुपये लेकर अपना बैंक खाता, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड साइबर ठगों को देता था। पुलिस ने इसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम प्रीति यादव ने शुक्रवार काे बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रय्यान अंसारी के रूप में हुई। वह दिल्ली के जगतपुरी का रहने वाला है। पुलिस ने उसको इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण और सूचना के आधार पर नोएडा से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए साइबर अपराधियों के संपर्क में रहता था। रुपये लेकर उन्हें बैंक खाते उपलब्ध कराता था। इसके लिए उसने अपना बैंक खाता, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड ठगो को दिया था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खाते में ठगी के दो लाख 15 हजार 743 रुपये आए थे। खाता उपलब्ध कराने के बदले उसको 50 हजार रुपये मिले थे। पुलिस जांच में सामने आया कि साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों के संबंध में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दो शिकायतें दर्ज हैं। इनमें एक शिकायत उत्तर प्रदेश और दूसरी आंध्र प्रदेश से संबंधित है।पुलिस का कहना है कि साइबर ठग धोखाधड़ी से हासिल रकम को दूसरे लोगों के बैंक खातों में मंगाते हैं। ऐसे खातों को म्यूल अकाउंट कहा जाता है। इनके जरिए ठगी की रकम को आगे दूसरे खातों में भेजा जाता है, जिससे आरोपियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी