अनूपपुर: शादी का झांसा देकर किशोरी को भगाने वाला जबलपुर से गिरफ्तार,भेजा जेल
अनूपपुर, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली पुलिस ने एक 19 वर्षीय युवक को 16 साल किशोरी का अपहरण और शारीरिक शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी किशोरी को शादी का झांसा देकर जबलपुर साथ भगाकर ले गया था। पुलिस ने किशोरी को उसके परिजनों को सुरक्षित सौंप दिया। आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी अरविंद जैन ने बताया कि 16 जनवरी को किशोरी अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद भी उसे नहीं पाया, जिसके बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने किशोरी के मोबाइल लोकेशन और परिजनों से पूछताछ के आधार पर कार्रवाई की। महिला उपनिरीक्षक सरिता लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक महेंद्र राठौर, महिला आरक्षक जानकी बैगा और साइबर सेल के अधिकारी राजेंद्र अहिरवार और पंकज मिश्रा की टीम जबलपुर रवाना हुई।
जबलपुर में आरोपी के कब्जे से किशोरी को छुड़ाया
टीम ने जबलपुर के थाना हनुमानताल अंतर्गत टेढ़ी नीम इलाके में किराए के कमरे पर दबिश दी। वहां से किशोरी को शिवम राठौर के साथ अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने किशोरी को शादी का झांसा देकर अपने साथ लाया था और किराए के मकान में रहते हुए उसे शारीरिक शोषण किया। किशोरी आदिवासी परिवार की होने के कारण पुलिस ने अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

