home page

सोलर प्लांट के नाम पर लाखों की ठगी करने वाला तीन साल बाद गिरफ्तार

 | 
सोलर प्लांट के नाम पर लाखों की ठगी करने वाला तीन साल बाद गिरफ्तार


जयपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस थाना बस्सी ने सोलर प्लांट लगाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित राहुल शर्मा उर्फ शंकर (35) पिछले करीब तीन वर्षों से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि 1 जून 2023 को ज्ञान विहार महाविद्यालय के निदेशक शिव कुमार पंचौली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी संस्था में सोलर प्लांट लगाने के लिए ‘धूप ऊर्जा’ कंपनी के संचालक राहुल शर्मा से 5 लाख रुपये का अनुबंध किया था। आरोपित ने एडवांस के रूप में 4 लाख रुपये ऑनलाइन ले लिए, लेकिन तय समय सीमा 20 जून 2023 तक न तो प्लांट लगाया और न ही राशि लौटाई।

इसी क्रम में थानाधिकारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सहायता, सीडीआर विश्लेषण और लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर आरोपी को अलवर से दबोच लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपित ने वर्ष 2022 में 8 से 10 स्थानों पर सोलर प्लांट लगाने के नाम पर एग्रीमेंट कर लोगों से लाखों रुपए की अग्रिम राशि ठगी थी। आरोपित के खिलाफ जयपुर के आदर्श नगर, मालवीय नगर और बस्सी थानों में भी मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह जयपुर छोड़कर जोधपुर में छिपकर रह रहा था।

आरोपित मूल रूप से गुर्जर की थड़ी, महेश नगर का निवासी है। उसके खिलाफ मालवीय नगर थाने में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश