यमुनानगर: घर में व्यक्ति ने फांसी लगाई, सुसाइड नोट मिला
यमुनानगर, 19 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर की शिवपुरी बी कॉलोनी में एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। ्रुगुरुवार सुबह सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की दी। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 45 वर्षीय जरनैल सिंह के रूप में हुई है, जो स्थानीय सब्जी मंडी क्षेत्र में ढाबा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वह रात को घर लौटने के बाद भोजन कर ऊपर कमरे में चला गया था।
इसी दौरान उसने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। सुबह परिजनों ने जब काफी देर तक उसे नीचे नहीं देखा तो उन्हें संदेह हुआ। ऊपर जाकर देखने पर वह फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान मृतक के पास से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच में शामिल किया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया है। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, बीते कुछ महीनों से वह पारिवारिक कारणों के चलते मानसिक तनाव में था। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

