अनूपपुर: पागल कहने पर पत्नी पर हंसिया से 25 वार, सिर-चेहरे पर जख्म, भेजा जेल
अनूपपुर,28 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के धुम्मा गांव में मंगलवार को दिल दहला देने वाली अजीबो गरीब घटना घटी, जहां एक पति शिवरतन गोंड ने अपनी ही पत्नी ममता बाई को घर में बंद कर उसपर तेज धारदार हसिया से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
यहीं नहीं खुद पुलिस को फोन लगाकर पत्नी पर हमला कर मार देने की सूचना दी। आनन फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी शिवरतन गोंड को अभिरक्षा में लेकर घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां महिला का इलाज जारी है। वहीं पुलिस ने आरोपी पति पर मामला दर्ज कर न्यायालय पेश किया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
घायल महिला के ससुर 45 वर्षीय गेंदलाल सिंह गोंड ने बताया कि सुबह वह खेत में हल चलाने गया था, जहां से घर आकर खाना खाने बैठा, बहु ममता बाई ने खाना दिया और खेत में वह भी थरहा लगाने गई थी के कारण उसके कपड़े गीली हो गई थी तो वह अपने कमरे में चली गई। इसी दौरान पीछे से उसका बेटा शिवरतन गोंड जो मानसिक अस्वस्थ है बहु के कमरे में चला गया और अंदर से कुंडा लगा लिया। उसे लगा बेटा बहु है अपने कमरे में हैं, लेकिन कुछ देर के बाद बहु के चीखने की आवाज और बचाने की आवाज आने लगी, वह खाना छोड़कर कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, मगर असफल रहा,
इसके कुछ देर बाद बेटा खुद बाहर निकाला, उसके हाथ में हसिया था। हाथ में खून लगे हुए थे। फिर मोबाइल पर डायल 112 पुलिस को खुद के द्वारा वारदात को अंजाम देने की जानकारी दी। इस दौरान वह कहीं नहीं भागा। इधर कमरे के अंदर देखने पर बहु ममता को खून से लथपथ बेहोश हालत में पाया। आसपास के लोगों को बुलाते स्वयं पुलिस की मदद से ममता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
डॉक्टर प्रवीण शर्मा के अनुसार महिला के शरीर पर लगभग 20 - 25 वार किया गया है, सिर और चेहरे पर लगभग12- 15 वार किए गए है, इसके अलावा हाथ पैर और अन्य हिस्सों पर 8- 10 वार हैं। लगभग 1 किलोग्राम खून का बहाव हुआ है, कई जख्म अधिक गहरे हैं। रात 8 बजे महिला के होश आने पर दैनिक भास्कर की पूछताछ में बताया कि सुबह पति उसे खेत पर जाने और थरहा लगाने के लिए कहा था, पत्नी खेत गई और थरहा उखाड़ने (खेत में लगाने के लिए) के बाद मजदूरों का नाम लिख कर घर आई थी। घर में पति ही खाना बनाया था। वह ससुर को खाना देकर अपने कमरे में चली गई। पीछे से पति भी कमरे का कुंडा लगाकर उसके पास पहुंचा तो पत्नी बोली कुंडा क्यों लगा रहे हैं, इसके बाद बोला, लोग मुझे पागल कहते है, और आसपास कुछ खोजने लगा। दीवार से हसिया टंगी थी, उसे लेकर वह लगातार वार करने लगा, इसके बाद मुझे कुछ पता नहीं। जानकारी के अनुसार पुलिस ने शिवरतन पर धारा 109 (1) बीएनएस कायम किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

