home page

कानपुर : ज्वेलर्स की दुकान में डेढ़ लाख का सोना पार करने वाला गिरफ्तार, शत-प्रतिशत माल बरामद

 | 
कानपुर : ज्वेलर्स की दुकान में डेढ़ लाख का सोना पार करने वाला गिरफ्तार, शत-प्रतिशत माल बरामद


कानपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। कलक्टरगंज थाना अंतर्गत ज्वैलर्स की दुकान से करीब डेढ़ लाख रुपये के आभूषण चोरी करने वाले चोर को पुलिस ने महज चार दिनों में चोरी के शत प्रतिशत माल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा चोरी का माल खरीदने वाले सर्राफ की तलाश की जा रही है। चाेरी की वारदात गत साेमवार काे हुई थी।

एडीसीपी अंजलि विश्वकर्मा ने शनिवार को बताया कि नयागंज में अरुण वर्मा की वर्मा ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। 13 अप्रैल को शातिर चोर ग्राहक बनकर दुकान पहुंचा। इस दौरान उसने चाय पीने की इच्छा जाहिर की। इस ओर दुकान का कर्मचारी चाय लेने चला गया। इस बात का फायदा उठाकर शातिर तीन सोने की अंगूठियां और एक जोड़ी कान के टॉप्स लेकर फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने कलक्टरगंज थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दुकान और उसके आस-पास लगे सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज जांच कर शातिर की शिनाख्त की। इसी बीच पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर रेलवे रोड से गिरफ्तार कर लिया। शातिर की पहचान ग्राम उद्देपुर अभई, थाना कोतवाली, जिला मैनपुरी निवासी आलोक शाक्य के रूप में हुई।

आराेपित ने अपने कबूलनामे बताया कि उसने मैनपुरी स्थित सरदेसाई ज्वेलर्स में तीनों अंगूठियां बेच दी और बलिया में रहने वाली गर्लफ्रेंड को बालियां गिफ्ट कर दी है। पुलिस ने उसके पास से चोरी का सारा माल बरामद कर लिया है। इनके अलावा चोरी का माल खरीदने वाले सर्राफ को भी वांछित बनाया गया है। उन्होंने बताया कि आराेपित का काफी लंबा चौड़ा आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ मैनपुरी, इटावा सहित विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट समेत छह मामले दर्ज हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप