पत्नी के साथ सो रहे युवक की पति ने चाकू मारकर हत्या की
झुंझुनू, 26 अक्टूबर (हि.स.)। झुंझुनू जिले के पिलानी में पति ने पत्नी के साथ लिव-इन में रहने युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। युवक महिला पार्टनर के साथ सो रहा था इस दौरान महिला का पति घर में घुसा और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। शोर होने पर युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपित को पकड़ लिया। मारपीट में आरोपित भी घायल हो गया जिसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घटना पिलानी में रविवार रात करीब 10 बजे की है। महिला अपने पति को छोड़कर करीब 6 महीने से युवक के साथ रह रही थी। इसी को लेकर महिला का पति रंजिश रखता था। महिला के अनुसार आरोपित से बचने के लिए उन दोनों ने काफी कोशिश की, लेकिन वो लगातार वार करता रहा। पुलिस के अनुसार आरोपित और महिला से भी पूछताछ की जा रही है। हत्या का आरोपित ड्राइवर है और मृतक मजदूरी करता था।
पुलिस के अनुसार 33 वर्षीय युवक करीब 6 महीने से महिला के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था। इस बात को लेकर महिला के पति और मरने वाले युवक में पहले भी कहासुनी हुई थी। मृतक के पिता ने बताया कि रविवार रात को उनका बेटा और महिला अलग कमरे में सो रहे थे। मैं, मेरी पत्नी और मेरा छोटा बेटा पास वाले कमरे में सो रहे थे। करीब 9.30 बजे बड़े बेटे के के कमरे से जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आई तो हम उठकर कमरे की तरफ गए। उसके कमरे में काफी खून पड़ा था और युवक नीचे फर्श पर पड़ा हुआ था। आरोपित अपने हाथ में खून से सना हुआ चाकू लेकर खड़ा था और जोर-जोर से चिल्ला रहा था कि मैंने तेरे बेटे को मार दिया।
मृतक के पिता ने बताया कि हमने आरोपित को पकड़ने की कोशिश की तो वो हमारी तरफ खून से सना हुआ चाकू लहराने लगा और गेट के ऊपर चढ़कर नीचे कूदने की कोशिश की। इस दौरान वो बाहर की तरफ गिर गया। घटना के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। मृतक युवक के परिजनों ने जब आरोपित को काबू किया तब मारपीट में आरोपित भी घायल हो गया। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। झुंझुनू से फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश

