दुकान के सामने सो रहे व्यक्ति की ठोस वस्तु से मारकर हत्या
एएसपी ग्रामीण ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
जौनपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सिकरारा थाना क्षेत्र स्थित गोदाम चौराहे के पास रविवार देर रात दुकान के सामने सो रहे एक व्यक्ति की अज्ञात लोगों ने वजनदार वस्तु से प्रहार करके हत्या कर दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतक की पहचान भभौरी गांव निवासी उदयराज यादव (50) के रूप में हुई है। बताया गया कि उदयराज प्रतिदिन की तरह गोदाम चौराहे के पास स्थित एक दुकान के सामने सोता था। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। रविवार रात अज्ञात व्यक्ति ने उसके सिर पर किसी भारी या ठोस वस्तु से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।परिजनों के संबंध में बताया गया कि मृतक चार भाइयों में से एक था। उसके एक भाई की पहले ही हत्या हो चुकी है, जबकि दूसरा भाई मुंबई में रहकर काम करता है। एक भाई काफी समय से लापता है। मृतक की मां भी कुछ दिन पहले ही कहीं से वापस लौटी हैं। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।मृतक शादी शुदा नहीं था।
इस संबंध में सोमवार को जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि 28 सितंबर को थाना सिकरारा अंतर्गत गोदाम चौराहे पर उदयराज नामक व्यक्ति जो भभौरी के रहने वाले है, उसके सिर में चोट कारित करने से मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मौका मुआयना किया गया। फील्ड यूनिट द्वारा मौके से साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। परिजनों और आसपास के लोगों से वार्ता के क्रम में यह जानकारी मिली है कि मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त था। प्रकरण में तत्काल अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। घटना के अनावरण के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

