home page

भोपाल में चलती बाइक पर दोस्त के सिर से सटाकर मारी गोली, युवक की मौत

 | 
भोपाल में चलती बाइक पर दोस्त के सिर से सटाकर मारी गोली, युवक की मौत


- मछली पकड़ने निकले थे तीन दोस्त

भोपाल, 20 सितम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार सुबह मछली पकड़ने जा रहे तीन दोस्तों में से एक ने चलती बाइक पर बीच में बैठे साथी के सिर से पिस्टल सटाकर गोली मार दी। फायरिंग के बाद बाइक सड़क पर गिर गई, जबकि आरोपी बाइक चला रहे दोस्त को पिस्टल दिखाकर सिंधी कॉलोनी तक ले गया और वहां फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी इलाके की है। निशातपुरा पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 21 वर्षीय इखलास उर्फ ताशी के रूप में हुई है। वह हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहता था और पेंटरी का काम करता था। रविवार सुबह ताशी अपने दो दोस्तों अलीम उर्फ अल्लू और एक अन्य युवक के साथ बाइक से मछली पकड़ने के लिए निकला था। बाइक तीसरा साथी चला रहा था, जबकि ताशी बीच में और अलीम सबसे पीछे बैठा था। रास्ते में अलीम ने पिस्टल निकाली और ताशी के सिर से सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही ताशी घायल होकर बाइक से गिर गया और बाइक भी अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी।

ताशी को गोली मारने के बाद अलीम ने बाइक चला रहे युवक को भी पिस्टल दिखाकर धमकाया। इसके बाद वह उसे अपने साथ बाइक पर बैठाकर सिंधी कॉलोनी तक ले गया। सिंधी कॉलोनी पहुंचने के बाद अलीम वहां से फरार हो गया। आरोपी के चंगुल से निकलने के बाद बाइक चला रहा युवक वापस घटनास्थल पर पहुंचा। उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही निशातपुरा पुलिस की टीम के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ताशी के शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मॉच्यूरी भेजा गया। पुलिस ने आरोपी अलीम उर्फ अल्लू के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपित के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुराना विवाद सामने आया है। करीब 15 दिन पहले ताशी और अलीम के बीच एक महिला को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी। इस दौरान ताशी का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया था। बाद में दोनों ने आपसी समझाइश से विवाद खत्म कर लिया था। इसके बावजूद पुलिस को आशंका है कि अलीम के मन में इस विवाद को लेकर रंजिश बनी हुई थी।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल हत्या का केस दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में करीब 15 दिन पहले हुए विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस आरोपित के पकड़े जाने के बाद हत्या की वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं को स्पष्ट करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत