home page

मस्जिद में जलाए गए व्यक्ति की मौत, आरोपित इमाम फरार

 | 
मस्जिद में जलाए गए व्यक्ति की मौत, आरोपित इमाम फरार


टोंक, 20 मार्च (हि.स.)। जिले के डिग्गी थाना क्षेत्र के कलमंडा गांव में मस्जिद में जिंदा जलाए गए व्यक्ति की जयपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि आरोपित इमाम घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

डिग्गी थाना प्रभारी गोपाल चौधरी के अनुसार, मृतक की पहचान हकीम पिनारा (48) के रूप में हुई है, जो कलमंडा गांव का ही निवासी था और अक्सर जामा मस्जिद में आता-जाता था। बताया जा रहा है कि 18 मार्च की रात को हकीम और मस्जिद के इमाम आबिद अब्दुल रशीद (30) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

गुरुवार 19 मार्च को सुबह हकीम नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद पहुंचा। नमाज के बाद जैसे ही वह टॉयलेट में गया, आरोपित इमाम ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित ने टॉयलेट का गेट बाहर से बंद कर दिया और मौके से फरार हो गया। अंदर फंसा हकीम करीब 10 मिनट तक मदद के लिए चिल्लाता रहा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर उसे बाहर निकाला।

गंभीर रूप से झुलसे हकीम को पहले मालपुरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान गुरुवार रात हकीम ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि वह 70 प्रतिशत से अधिक झुलस गया था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपित इमाम का व्यवहार हकीम के साथ पहले से ही ठीक नहीं था और इस संबंध में शिकायत भी की जा चुकी थी। आशंका है कि पुराने विवाद के चलते ही इस वारदात को अंजाम दिया गया। मृतक हकीम पिनारा जयपुर में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं, जो जयपुर में पढ़ाई कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि वह करीब 10 दिन पहले ही गांव आया था।

पुलिस ने आरोपित इमाम आबिद अब्दुल रशीद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित मूल रूप से जोधपुर जिले के बिलाड़ा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित