हरदा में बीच सड़क पर युवक की दराती से हत्या, बहन के जेठ और भतीजे पर आरोप
हरदा, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में पुरानी रंजिश के चलते 45 वर्षीय युवक की बीच सड़क पर दराती से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना टिमरनी थाना क्षेत्र के गोदड़ी गांव की है। बुधवार को वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। मृतक की पहचान राकेश यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने मृतक की बहन के जेठ लाल सिंह और उसके बेटे जितेंद्र सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस जानकारी के अनुसार, राकेश यादव मिस्त्री का काम करते थे। मंगलवार को वे काम की साइट देखकर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के ही लाल सिंह और उसके बेटे जितेंद्र सिंह ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने उन पर दराती से हमला कर दिया। हमले में राकेश के सिर और कान पर गंभीर चोटें आईं।
मृतक के भाई मोहन यादव ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनकी बहन की शादी आरोपी के परिवार में हुई है। मोहन के मुताबिक, बहन के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया था। बाद में जीजा को भी घर से भगा दिया गया। इस मामले को लेकर उनके परिवार ने मुकदमा दर्ज कराया था।
मोहन यादव का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। एंबुलेंस भी नहीं आई। इसके बाद परिजन घायल राकेश को अपने वाहन से अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुरानी रंजिश में वारदात, आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलने पर टिमरनी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पुराना विवाद चल रहा है। परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बुधवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं, परिजनों ने पुलिस और एंबुलेंस की समय पर मदद नहीं मिलने के आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

