इंदौर में भाई ने की भाई की हत्या, पारिवारिक विवाद के बाद सिर पर किया वार, आरोपित गिरफ्तार
इंदौर, 08 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के बाणगंगा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह पारिवारिक कलह के चलते एक भाई ने सगे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित भाई को हिरासत में ले लिया है और मामले में जांच शुरू कर दी है।
बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि यह घटना बाणगंगा थाना क्षेत्र की बाबा यादव की बड़ी गली में घटित हुई। मृतक की पहचान संदीप पुत्र अनिल धर्म के रूप में हुई है, जो पेशे से मजदूर था। बुधवार सुबह संदीप और उसके भाई अजय के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना उग्र हो गया कि तैश में आकर अजय ने संदीप के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण संदीप लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद घर में मौजूद तीसरा भाई गंभीर रूप से घायल संदीप को लेकर आनन-फानन में अस्पताल पहुंचा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद संदीप को मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस परिवार में तीन भाई अपनी मां के साथ रहते थे और तीनों ही मजदूरी कर जीवनयापन करते थे। पड़ोसियों और प्रारंभिक पुलिस जांच से यह बात सामने आई है कि तीनों भाइयों को अत्यधिक शराब पीने की लत थी, जिसके कारण अक्सर घर में क्लेश और विवाद की स्थिति बनी रहती थी। बुधवार सुबह भी वारदात के वक्त आरोपी शराब के नशे में धुत था।
पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपित भाई अजय और संदीप को अस्पताल पहुंचाने वाले दूसरे भाई, दोनों को भागीरथ चौकी पर हिरासत में ले लिया है। दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

