सास से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार
कानपुर, 25 जून (हि.स.)। कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बेटी की शादी से पहले उसकी मां को शादी की खरीदारी का झांसा देकर दूल्हे के बड़े भाई ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। लड़की की शादी हो चुकी है बावजूद आरोपित अपने भाई की सास को उनकी
आपत्तिजनक वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल कर रहा है। इस मामले में मिली तहरीर पर पुलिस ने करीब दो महीने बाद कार्रवाई करते हुए गुरुवार को आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि
मूलरूप से कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के चौना लाडपुर गांव निवासी शरद कुमार की शादी इसी साल 24 अप्रैल को हुई थी।
शरद की सास ने कल्याणपुर थाना में तहरीर देकर बताया कि बेटी की शादी से करीब एक सप्ताह पहले दमाद के बड़े भाई जीतपाल ने उन्हें फोन कर कल्याणपुर स्थित अपने कमरे पर बुलाया था। कमरे पर पहुंचने के बाद जीतपाल ने उन्हें कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी। आरोप है कि उसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था, जिसे पीने के कुछ देर बाद वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपित ने उनके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लिए।
महिला का आरोप है कि होश में आने के बाद जब उन्होंने विरोध किया तो जीतपाल ने फोटो और वीडियो वायरल करने तथा बेटी की शादी तुड़वाने की धमकी दी। इसके बाद वह वीडियो और तस्वीरों के आधार पर उन्हें लगातार ब्लैकमेल करता रहा और कई बार शोषण भी किया।
पीड़िता का कहना है कि बेटी की शादी संपन्न होने के बाद भी आरोपित की हरकतें बंद नहीं हुईं। परेशान होकर उसने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद छह मई को कल्याणपुर थाने में तहरीर दी गई, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता के बयान, उपलब्ध साक्ष्य और अन्य तथ्यों का परीक्षण किया। आरोपों की पुष्टि होने पर आरोपित जीतपाल की तलाश शुरू की गई।
एक सूचना के बाद पुलिस ने जीतपाल को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। वह शहर छोड़कर भागने की फिराक में था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

