स्मैक पीने से मना करने पर युवक को मारी गोली, हाथ में फंसी गोली से घायल
सुपौल, 27 मई (हि.स.)। जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र के थरबिटिया पूरब पुनर्वास में बुधवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान शिवपुरी पंचायत वार्ड संख्या-6 निवासी अधिवक्ता दिनेश यादव के 22 वर्षीय पुत्र बलवंत कुमार यादव के रूप में हुई है।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किशनपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया।
घायल बलवंत कुमार यादव ने बताया कि बुधवार दोपहर उसके घर पर चार से पांच युवक पहुंचे और अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली उसके दाहिने हाथ की बांह में लग गई। उसने आरोप लगाया कि गोली चलाने वाले युवक झखराही और अंदौली गांव के रहने वाले हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ युवक इलाके में स्मैक पी रहे थे। बलवंत ने उन्हें नशा करने से मना किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और बदमाशों ने गोली चला दी।गोली लगने के बाद युवक दर्द से तड़पने लगा।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर स्मिता मदेशिया ने बताया कि युवक के हाथ में गोली फंसी होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि एक्स-रे जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
इधर सूचना मिलते ही किशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

