सोलन के बजडोल जंगल में पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव
सोलन, 05 मार्च (हि.स.)। शहर के समीप जौणाजी मार्ग पर स्थित बजडोल क्षेत्र के जंगल में गुरुवार को एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक एक सरदार बताया जा रहा है। सुनसान इलाके में इस तरह शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना सिटी पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक की शहर के व्यस्त बाजार में दुकान है और वह वहीं व्यवसाय करता था। ऐसे में जंगल में उसका इस हालत में मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस अधीक्षक एस. दत्तात्रेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मामला आत्महत्या का है या किसी रंजिश के चलते हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

