home page

पालतू कुत्ते को जहर देने के बाद युवक ने सल्फास खाया, बंद कमरे में मिले शव

 | 
पालतू कुत्ते को जहर देने के बाद युवक ने सल्फास खाया, बंद कमरे में मिले शव


बरेली, 21 अप्रैल (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में इज्जतनगर थाना क्षेत्र के डेलापीर इलाके में मंगलवार काे किराए के मकान में रहने वाले युवक ने पहले अपने पालतू कुत्ते को जहर दिया और फिर खुद सल्फास खाकर जान दे दी। बंद कमरे में युवक और उसके कुत्ते के शव मिला। सूचना पाकर माैके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि धीरज चंदन ने सूचना दी कि उनका मौसेरा भाई निखिल अरोरा (33) डेलापीर स्थित किराए के मकान में रहता था।रोज उनके घर खाना खाने आता था। मंगलवार को वह नहीं पहुंचा और फोन भी रिसीव नहीं किया। चिंतित परिजन उसके कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची सिपाही ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया ताे देखा कि कमरे के भीतर निखिल अरोरा मृत अवस्था में पड़ा था, जबकि पास ही उसका पालतू कुत्ता भी मृत मिला।

घटना की सूचना पर थाना पुलिस के साथ फील्ड यूनिट भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। छानबीन के दाैरान कमरे से छाछ के दो सील पैकेट, एक खाली पैकेट और सल्फास की खाली डिब्बी बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने छाछ में सल्फास मिलाकर पहले खुद सेवन किया और वही मिश्रण अपने पालतू कुत्ते को भी पिला दिया।

पड़ोसियों ने बताया कि निखिल अपने कुत्ते से बेहद लगाव रखता था। माना जा रहा है कि अपनी मौत के बाद कुत्ते के भविष्य को लेकर चिंतित होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार