सिरसा: सडक़ हादसे में डेरासच्चा सौदा कर्मी की मौत
सिरसा, 21 अप्रैल (हि.स.)। सिरसा के डेरा सच्चा सौदा के निकट मोटरसाइकिल सवार एक वृद्ध की मौत हो गई। वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घायल वृद्ध को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में पहुंचाया जहां उपचार के दौरान सोमवार रात उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव शाहपुर बेगू निवासी गुरमेल सिंह के रूप में हुई है। गुरमेल सिंह डेरा सच्चा सौदा में नौकरी करता था।
सोमवार देर शाम वह ड्यूटी से घर लौट रहा था। रास्ते में एक वाहन ने उसको टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। मृतक गुरमेल सिंह के बेटे हरदेव सिंह ने बताया कि उसका पिता डेरा में पिछले 12-13 साल से नौकरी कर रहे थे और वे आना-जाना मोटरसाइकिल से करते थे। शव का मंगलवार को जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने शिकायत पर गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चेक बाउंस मामले में दो वांछित दबोचे
पुलिस ने चेक बाउंस मामले में दो वांछित भगोड़े आरोपियों को शहर सिरसा क्षेत्र से काबू किया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि अदालत द्वारा आरोपियों को बार-बार नोटिस देने पर भी आरोपी अदालत में हाजिर नहीं हुए। आरोपियों की पहचान श्रवण कुमार व सरविंद्र सिंह के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

