सिरमौर में चिट्टे के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार
नाहन, 10 अक्टूबर (हि.स.)। सिरमौर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विशेष जांच इकाई (एसआईयू) नाहन की टीम ने 6.35 ग्राम चिट्टा (स्मैक) बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सौरव सैणी उर्फ निशू सैणी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ माजरा थाने में मादक पदार्थ निरोधक कानून (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 9 अक्टूबर को एसआईयू की टीम मिश्रवाला इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि सौरव सैणी, निवासी गांव क्यारदा, डाकघर माजरा, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर, काफी समय से माजरा, पांवटा साहिब और आसपास के इलाकों में चिट्टा बेचने के धंधे में संलिप्त है।
सूचना में बताया गया कि वह उस दिन भी पुरुवाला से पीपलीवाला की ओर चिट्टा बेचने के इरादे से आ रहा है।
इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की और आरोपी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 6.35 ग्राम चिट्टा (स्मैक) बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ माजरा पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि आरोपी कथित तौर पर नशीले पदार्थ की आपूर्ति कहां से करता था और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

