home page

कोर्ट व पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी देने का आरोपित आजमगढ़ से गिरफ्तार, गया जेल

 | 
कोर्ट व पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी देने का आरोपित आजमगढ़ से गिरफ्तार, गया जेल


जौनपुर,23 फरवरी (हि.स ) यूपी के जौनपुर स्थित दीवानी न्यायालय और पुलिस लाइन को 17 फरवरी को बम से उड़ाने की ईमेल के माध्यम से धमकी देने के मामले में पुलिस और एसटीएफ ने आरोपित विशाल रंजन को आजमगढ़ से शनिवार को गिरफ्तार कर लिया था।

सोमवार देर शाम उसे कड़ी सुरक्षा के बीच दीवानी न्यायालय में न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय अन्नपूर्णा की अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया।

वहीं इस मामले में सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने बताया कि धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई थीं। न्यायालय परिसर और पुलिस लाइन में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित की पहचान की गई और उसे हिरासत में लिया गया।

घटना से अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मियों में आक्रोश व्याप्त था। सुरक्षा कारणों को देखते हुए आरोपित को गोपनीय तरीके से अदालत में पेश किया गया। पेशी के दौरान न्यायालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मामले की जांच जारी है और आरोपित से पूछताछ के आधार पर अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया है। एटीएस की ओर से बताया गया है कि आरोपित विशाल रंजन पुत्र हीरा लाल, निवासी बक्शपुर, थाना निजामाबाद, आजमगढ़ ने 17 फरवरी 2026 को 5 अलग-अलग ईमेल आईडी से धमकियां भेजीं थीं। उसने इंटरनेट पर VPN और प्रॉक्सी का इस्तेमाल कर आईपी एड्रेस छिपाई। मेल में कुछ मोबाइल नंबरों का जिक्र कर मुख्यमंत्री से रुपये भेजने को कहा गया। मामला दर्ज होने के बाद यूपी एटीएस ने इलेक्ट्रॉनिक और फिजिकल जांच की, जिसमें आरोपित की सोशल मीडिया गतिविधियां, VPN और प्रॉक्सी का विश्लेषण किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव