अनूपपुर: बाइक डिग्गी से 50 हजार निकालने वाला आरोपी पहुंचा जेल
अनूपपुर, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में 22 दिन पूर्व दो पहिया वाहन की डिग्गी तोड़कर 50 हजार रुपए चुराने वाले आरोपी को सोमवार को शहडोल जिले से गिरफ्तार किया गया है। कब्जे से 47,500 रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त कर ली है। पूछताछ के बाद पुलिस ने न्यायालय में पेश प्रस्तुत किया जहां से जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि 31 मई को कोठी निवासी रामबहोर साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमे बताया था कि 30 मई को बिजुरी अस्पताल के पास खड़ी उनकी बाइक की डिग्गी से किसी चोर ने 50 हजार रुपए और जरूरी कागजात चुरा लिए थे।शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस टीम ने जब घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो संदेही की पहचान भोलगढ़ (अनूपपुर) निवासी ओमप्रकाश सिसोदिया उर्फ बच्चा कंजर के रूप में हुई। पुलिस लगातार उसके ठिकानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन वह बार-बार बच निकल रहा था। आखिरकार आज सटीक सूचना के आधार पर उसे खमरौत चाका (शहडोल) से हिरासत में लिया गया।
आरोपी के पास से नकदी और बाइक मिली
पूछताछ में आरोपी ने बिजुरी की इस चोरी के साथ-साथ रामनगर थाना क्षेत्र में भी ऐसी ही वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए 50 हजार रुपए में से 47,500 रुपए की नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त कर ली है।
दो राज्यों के कई जिलों में दर्ज हैं 15 से अधिक मामले
थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों जैसे सतना, रीवा, सिंगरौली के साथ-साथ छत्तीसगढ़ राज्य में भी चोरी, लूट, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के 15 से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

