झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी से नाराज होकर की थी महिला की हत्या, आरोपित गिरफ्तार
कानपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्वर्ण जयंती विहार स्थित किराए के मकान में महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और महिला के साथ रहने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने रविवार को बताया कि मामले की जांच में पप्पू पासवान का नाम सामने आया है। पूछताछ में आरोपित ने महिला के साथ विवाद होने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार, आरोपित पहले से शादीशुदा है और महिला के साथ किराए के मकान में दंपति बनकर रह रहा था। दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। आरोप है कि झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी और अपनी 13 वर्षीय बेटी को लेकर हुए विवाद के बाद उसने महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी।
शुरुआत में महिला की पहचान काजल उर्फ हसीना के रूप में हुई थी। आधार कार्ड पर दर्ज पते के आधार पर देवरिया पुलिस से संपर्क किया गया। इसके बाद कानपुर पहुंचे परिजनों ने महिला की पहचान रिया उर्फ मरजीना के रूप में की। जांच में महिला के अलग-अलग नामों का इस्तेमाल करने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, पप्पू पासवान और महिला वर्ष 2021 में संपर्क में आए थे। करीब एक साल साथ रहने के बाद दोनों अलग हो गए थे। महिला ने पप्पू के खिलाफ बिधनू थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके अलावा महिला के उन्नाव, बिधनू और जाजमऊ से जुड़े मामलों की जानकारी भी सामने आई है। बाद में दोनों दोबारा संपर्क में आए और पुराने मुकदमे में समझौते के आश्वासन के बाद फिर साथ रहने लगे।
बीते बुधवार को दोनों के बीच विवाद होने के बाद महिला की हत्या कर आरोपित फरार हो गया। करीब 24 घंटे बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपित पप्पू पासवान को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

